घरेलू गैस के बढ़ते दामों पर कांग्रेस का हमला, मनोज शर्मा ने केंद्र व प्रदेश सरकार को घेरा

भीमताल: घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर भीमताल विधानसभा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। जारी बयान में उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार राहत देने के बजाय लगातार कीमतों में बढ़ोतरी कर रही है।

मनोज शर्मा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मन मोहन सिंह की सरकार के दौरान गैस सिलेंडर पर मामूली बढ़ोतरी होने पर भाजपा नेता सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करते थे, लेकिन आज घरेलू गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ने के बावजूद भाजपा नेताओं की चुप्पी समझ से परे है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 में घरेलू गैस सिलेंडर करीब 400 रुपये का था, जबकि वर्तमान में इसकी कीमत हजार रुपये के करीब पहुंच गई है।

उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में हाल ही में 29 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई है, जो तीन महीनों के भीतर दूसरी वृद्धि है। साथ ही आरोप लगाया कि कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से छोटे कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।

मनोज शर्मा ने कहा कि कोरोना काल के बाद देश की जनता आर्थिक चुनौतियों से जूझ रही है, ऐसे समय में सरकार को राहत देने की जरूरत थी, लेकिन लगातार पेट्रोलियम उत्पादों और जरूरी वस्तुओं के दाम बढ़ाकर आम लोगों पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है, जबकि जनप्रतिनिधियों की सुविधाओं में लगातार इजाफा किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *