नैनीताल, भीमताल और हल्द्वानी में बनेंगे सस्ते आवास, आमजन को मिलेगी बड़ी राहत

भीमताल : आम लोगों को सस्ते और किफायती आवास उपलब्ध कराने की दिशा में जिला विकास प्राधिकरण ने एक अहम निर्णय लिया है। प्राधिकरण की बैठक में नैनीताल, भीमताल एवं हल्द्वानी शहरों में किफायती आवासीय भवनों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इस बैठक की अध्यक्षता आयुक्त एवं प्राधिकरण अध्यक्ष दीपक रावत ने की।
आयुक्त ने बताया कि नैनीताल और भीमताल में भवन निर्माण पर प्रतिबंध के चलते आम लोगों को किराये पर भवन मिलना मुश्किल हो गया है। होटल और दुकानों में काम करने वाले लोगों को भारी किराया चुकाना पड़ता है। ऐसे में प्राधिकरण द्वारा बेलुवाखान क्षेत्र में स्थित सरकारी भूमि पर किफायती आवासीय भवनों का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भीमताल में भी पर्याप्त सरकारी भूमि उपलब्ध है। इस भूमि को क्रय करने के लिए शासन स्तर पर पत्राचार किया जाएगा ताकि वहां भी आमजन के लिए सस्ते मकान बनाए जा सकें।
हल्द्वानी को लेकर आयुक्त ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में जहां-जहां सरकारी भूमि उपलब्ध है, उनका चिन्हांकन कर प्राधिकरण को सौंपा जाए। इन स्थानों पर भी किफायती भवनों का निर्माण किया जाएगा ताकि छोटे दुकानदारों, अस्पताल कर्मियों और अन्य कार्यरत लोगों को राहत मिल सके।
बैठक में नक्शों की स्वीकृति प्रक्रिया पर भी गंभीरता से चर्चा हुई। 60 वर्ग फीट के नक्शों के दुरुपयोग पर चिंता जताते हुए आयुक्त ने ऐसे सभी नक्शों को अस्वीकृत करने के निर्देश दिए। वहीं, आबादी वाले क्षेत्रों में स्वीकृति प्रदान की गई। डीएसबी कैंपस और एटीआई के नक्शों को भी स्वीकृति दी गई।बैठक में जिलाधिकारी वंदना सिंह, प्राधिकरण सचिव विजय नाथ शुक्ल समेत अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *