रेन बसेरों में रजाई-कंबल और सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाने के आदेश
भीमताल । राज्य में बढ़ती ठंड और शीतलहर के मद्देनज़र मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर में असहाय एवं बेघर लोगों के लिए पुख़्ता इंतज़ाम करने के निर्देश दिए हैं। नैनीताल प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी जनपदों के जिलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि रेन बसेरों में आवश्यक सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाए तथा जरूरतमंदों को ठंड से बचाव हेतु पर्याप्त संख्या में रजाई-कंबल उपलब्ध कराए जाएं। मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि प्रत्येक जिले में टीमें सक्रिय रखी जाएं, जो शहरों, कस्बों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से भ्रमण कर असहाय, बेघर एवं जरूरतमंद लोगों की पहचान करें और उन्हें रेन बसेरों या सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाकर समय पर राहत मुहैया कराएं।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण परेशानी या जीवन संकट की स्थिति में न पहुंचे। इसके लिए नगरीय क्षेत्रों के साथ कस्बों में भी सायंकाल एवं रात के समय नियमित रूप से अलाव जलाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आमजन को ठंड से राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री धामी ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को अलाव स्थलों की नियमित मॉनिटरिंग करने, रेन बसेरों में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, बिस्तर, रजाई-कंबल आदि की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए।