आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने अन्तर्राष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में फेंसिंग प्रतियोगिता का लिया जायजा

भीमताल । मुख्यमंत्री के निर्देश पर आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने मंगलवार को अन्तर्राष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार पहुंचकर चल रही फेंसिंग प्रतियोगिता का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से बातचीत कर उनकी जरूरतों व उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। आयुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश है कि खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और किसी भी समस्या का त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने निदेशक खेल को स्टेडियम के सभी उपकरणों का एएमसी (Annual Maintenance Contract) कराने और इंडोर स्टेडियम में एसी तापमान की निगरानी के लिए टेम्परेचर मॉनिटरिंग डिवाइस लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय स्टेडियम के उपकरणों के दीर्घकालीन रखरखाव के लिए शासन से अनुरोध किया गया है कि इसके लिए सरकार या किसी पेशेवर संस्था को अधिकृत किया जाए, ताकि उपकरणों का नियमित और सही रखरखाव सुनिश्चित हो सके। गौरतलब है कि अन्तर्राष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में 8 से 12 सितम्बर तक फेंसिंग प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर के 26 राज्यों से करीब 500 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। निरीक्षण के दौरान फेंसिंग एसोसिएशन के महासचिव राजीव मेहता, उपनिदेशक खेल रशिका सिद्दीकी, जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत, तहसीलदार मनीषा बिष्ट सहित खिलाड़ी व अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *