करंट से युवक की मौत पर उठे सवाल, डीएम से जांच और मुआवजे की मांग

भीमताल: विकासखंड ओखलकांडा के ग्राम रैकुना निवासी तेज सिंह बोरा की भीमताल स्थित ग्राफिक एरा परिसर में करंट लगने से हुई मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पूर्व राज्य मंत्री एवं प्रमुख राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु ने जिलाधिकारी नैनीताल को ज्ञापन भेजकर मामले की उच्चस्तरीय जांच और मृतक के आश्रित परिवार को मुआवजा दिए जाने की मांग की है।

हरीश पनेरु ने कहा कि 6 जून को तेज सिंह बोरा ग्राफिक एरा परिसर में एक भवन की छत पर कार्य के लिए गए थे। इसी दौरान वहां से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले भी उक्त स्थान पर करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है, बावजूद इसके सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई।

उन्होंने भवाली स्थित जॉर्ज होटल में करीब एक वर्ष पूर्व करंट लगने से रोहित पाण्डे की मौत का मामला भी उठाया। उनका कहना है कि पीड़ित परिवार को अब तक मुआवजा नहीं मिल पाया है।

पनेरु ने कहा कि क्षेत्र में कई स्थानों पर हाईटेंशन विद्युत लाइनें आबादी और भवनों के बेहद करीब से गुजर रही हैं, जिससे लगातार हादसों का खतरा बना हुआ है। उन्होंने जिलाधिकारी से घटना की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार विभागों की जवाबदेही तय करने, मृतक के आश्रित परिवार को कम से कम ढाई लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने तथा हाईटेंशन लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *