दुदुली तक रोडवेज सेवा बढ़ाने की उठी मांग, कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने मण्डलीय प्रबंधक को सौंपा ज्ञापन

भीमताल । हल्द्वानी से बबियाड तक संचालित रोडवेज बस सेवा को चार किलोमीटर आगे दुदुली तक बढ़ाने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने मंगलवार को मण्डलीय प्रबंधक पूजा जोशी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते हुए जनहित में बस सेवा जल्द शुरू करने की मांग की।
ज्ञापन में मनोज शर्मा ने कहा कि हल्द्वानी से बबियाड चलने वाली रोडवेज बस कुछ वर्ष पूर्व कुछ महीनों तक दुदुली तक संचालित हुई थी, लेकिन बाद में अचानक सेवा बंद कर दी गई। इसके चलते क्षेत्र के ग्रामीणों को लंबे समय से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण कई वर्षों से दुदुली तक रोडवेज बस सेवा शुरू करने की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं तथा कई बार रोडवेज प्रबंधन से भी मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन तकनीकी दिक्कतों का हवाला देकर अब तक सेवा शुरू नहीं हो पाई।

शर्मा ने कहा कि बस सेवा न होने से विशेष रूप से छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वहीं बुजुर्ग यात्रियों को भी रोडवेज सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि रोडवेज बस का समय छात्रों के लिए उपयुक्त है, जिससे सेवा शुरू होने पर बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिलेगी।
उन्होंने दावा किया कि अब दुदुली मोटर मार्ग पूरी तरह मानकों के अनुरूप है और पहले बताई गई तकनीकी दिक्कतें भी समाप्त हो चुकी हैं। वर्तमान में इस मार्ग पर दूध, गैस समेत अन्य सभी प्रकार के वाहन नियमित रूप से संचालित हो रहे हैं। ऐसे में जनहित को देखते हुए तत्काल दुदुली तक रोडवेज सेवा शुरू की जानी चाहिए।

इस पर मण्डलीय प्रबंधक पूजा जोशी ने कहा कि जनता को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना विभाग का लक्ष्य है और जनहित को देखते हुए हल्द्वानी-बबियाड रोडवेज सेवा को जल्द दुदुली तक संचालित करने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *