दिल्ली जाने को सांसद अजय भट्ट ने चुनी रोडवेज बस, दिया ईंधन बचाने का संदेश

हल्द्वानी से बस यात्रा कर बोले—सार्वजनिक परिवहन अपनाएं, पर्यावरण बचाएं

भीमताल । पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने शुक्रवार को हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन से दिल्ली के लिए रोडवेज बस से यात्रा कर ऊर्जा संरक्षण और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग का संदेश दिया।

बस यात्रा के दौरान सांसद अजय भट्ट ने कहा कि उनकी यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “ईंधन बचाओ–पर्यावरण बचाओ” संकल्प से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।

सांसद ने कहा कि आज प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे। सार्वजनिक परिवहन साधनों जैसे बस, ट्रेन और साझा वाहनों का अधिक उपयोग न केवल ईंधन की बचत करता है, बल्कि प्रदूषण कम कर पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाता है।

उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि निजी वाहनों के अनावश्यक उपयोग को कम कर सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दें और ऊर्जा संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाएं।

अजय भट्ट ने कहा कि “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ उठाया गया हर छोटा कदम भारत को अधिक सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *