भीमताल। जिला मंत्री भाजपा नैनीताल मनोज भट्ट उर्फ प्रकाश चन्द्र भट्ट ने एक यूट्यूबर द्वारा नौकुचियाताल के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के विरोध में भीमताल कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में कहा गया है कि संबंधित टिप्पणी से नौकुचियाताल की सांस्कृतिक पहचान, स्थानीय जनभावनाओं तथा मातृशक्ति की भावनाओं को ठेस पहुंची है। शिकायतकर्ता ने इसे देवभूमि उत्तराखंड की अस्मिता एवं क्षेत्र की गरिमा से जुड़ा विषय बताते हुए पुलिस प्रशासन से मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में यह भी मांग की गई है कि संबंधित यूट्यूबर के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए तथा वह भीमताल स्थित हर की पैड़ी पहुंचकर क्षेत्रवासियों और मातृशक्ति से सार्वजनिक रूप से क्षमा याचना करे।
मनोज भट्ट ने कहा कि नौकुचियाताल क्षेत्र की पहचान और गौरव का प्रतीक है तथा इसके सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।