भीमताल, 5 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-309 (पूर्व में एनएच-121) पर धनगढ़ी नाले के ऊपर 29.65 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 220.90 मीटर लंबे धनगढ़ी पुल का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने इसे कुमाऊं और गढ़वाल को जोड़ने वाला उत्तराखंड का महत्वपूर्ण पुल बताते हुए कहा कि इसके निर्माण से वर्षों पुरानी आवागमन की समस्या का स्थायी समाधान हो गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात के दौरान धनगढ़ी नाला उफान पर आने से राष्ट्रीय राजमार्ग कई बार बंद हो जाता था, जिससे आम लोगों, पर्यटकों, व्यापारियों और आपातकालीन सेवाओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब पुल बनने से वर्षभर निर्बाध और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित होगा।
उन्होंने कहा कि काशीपुर-रामनगर-मार्चुला-बुवाखाल मार्ग कुमाऊं और गढ़वाल को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। इसी मार्ग से जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान, नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चम्पावत और पौड़ी गढ़वाल जाने वाले लाखों लोगों की आवाजाही होती है। पुल बनने से पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता शिलान्यास के साथ समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लोकार्पण कर जनता तक उनका लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सड़क, पुल, रेल, रोपवे, स्वास्थ्य, शिक्षा और सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए तेजी से कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि धनगढ़ी पुल के समीप लगभग 18.43 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 175.60 मीटर लंबे पनौद पुल का निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में है। डामरीकरण का कार्य पूरा होते ही इसे भी जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों पुल क्षेत्र के विकास की नई आधारशिला साबित होंगे।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि धनगढ़ी पुल बनने से बरसात में मार्ग बंद होने की समस्या समाप्त होगी और कुमाऊं-गढ़वाल के बीच संपर्क और मजबूत होगा। इसका लाभ चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं, जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान आने वाले पर्यटकों तथा क्षेत्र के व्यापार, कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा।
कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने गर्जिया देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने नव निर्मित पुल का पैदल निरीक्षण किया तथा कॉर्बेट क्षेत्र की सीमा पर पहुंचे वन्यजीवों का भी अवलोकन किया।
इस अवसर पर विधायक दीवान सिंह बिष्ट, महेश जीना, प्रमोद नैनवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री शंकर कोरंगा, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी., मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।