भीमताल । रविवार को तहसील हल्द्वानी के ग्राम नवाड़ खेड़ा में कृषक ललित मेहरा के खेत में धान की फसल की क्रॉप कटिंग का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने इस अवसर पर कहा कि क्रॉप कटिंग से फसल उत्पादन के सटीक आंकड़े प्राप्त होते हैं, जो किसानों के हित में लिए जाने वाले सरकारी निर्णयों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने बताया कि सरकार कृषि नीति, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी), खाद्यान्न भंडारण, आयात-निर्यात नीति आदि के निर्धारण में इन्हीं आंकड़ों का उपयोग करती है।
उन्होंने यह भी बताया कि प्राकृतिक आपदा की स्थिति में फसल क्षति के आकलन और राहत राशि वितरण के लिए भी क्रॉप कटिंग के आंकड़े आधार बनते हैं। इसके अतिरिक्त, ये आंकड़े सांख्यिकी सर्वेक्षणों में भी सम्मिलित किए जाते हैं। इस अवसर पर तहसीलदार हल्द्वानी कुलदीप पांडे, स्थानीय किसान एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।