भवाली : जिलाधिकारी वंदना ने शुक्रवार को भवाली नगर का पैदल भ्रमण कर विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि नगर के मुख्य बाजार और ऊपरी बाजार में देहरादून की तर्ज पर एक जैसे साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। साथ ही, घरों को पहाड़ी रंगों की शैली में रंगने के निर्देश दिए हैं, जिससे भवाली को एक नई पहचान मिलेगी। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री धामी की घोषणा के तहत 546 लाख की लागत से बन रहे कैंची बायपास और पार्किंग के जल्द तैयार होने की बात कही। इस दौरान उन्होंने देर शाम तक नगर का स्थलीय निरीक्षण किया, जहां जनता ने उन्हें विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने कई समस्याओं का मौके पर त्वरित समाधान के निर्देश दिए, जिससे स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया।
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र कपिल और अन्य व्यापारियों ने जिलाधिकारी के इस प्रयास की सराहना की। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने पुष्प गुच्छ और अंग वस्त्र भेंट कर जिलाधिकारी का स्वागत किया। इस मौके पर प्रकाश आर्या, शिवांशु जोशी, पंकज अद्वैती, अखिलेश सेमवाल, जुगल मठपाल, दयाल आर्या, संजय वर्मा, नंदकिशोर पांडेय, विजय कुमार, महेश जोशी, रमेश जोशी, मुकेश कुमार सहित कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
