विधायक कैडा ने दिशा समिति की बैठक में उठाई जल जीवन मिशन और सड़कों की समस्याएं

भीमताल : विधायक राम सिंह कैड़ा ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में भीमताल विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। सांसद अजय भट्ट की अध्यक्षता में काठगोदाम सर्किट हाउस में आयोजित इस बैठक में विधायक कैड़ा ने जल जीवन मिशन, सड़कों की स्थिति और बुनियादी सुविधाओं को लेकर चर्चा की।
विधायक कैड़ा ने बैठक में बताया कि उनकी सरकार ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक गांव में पेयजल की समस्याओं के समाधान के लिए करोड़ों रुपए स्वीकृत किए हैं। उन्होंने बताया कि मोटर मार्गों पर डामरीकरण और पुलों के निर्माण के लिए भी वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की गई हैं, लेकिन कई जगहों पर विभागीय कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा का पालन नहीं हो रहा है, जिससे ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक कैड़ा ने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे जल जीवन मिशन की योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करें, काठगोदाम-हैड़ाखान मार्ग की समस्याओं का स्थायी समाधान करें और सड़कों के डामरीकरण का कार्य गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त, विधायक ने प्रत्येक परिवार को जल जीवन मिशन का लाभ देने, लंबित डीपीआर को तैयार कर शासन को भेजने, और क्षेत्र में बिजली-पानी जैसी अन्य समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का भी अनुरोध किया।
इस बैठक में क्षेत्रीय विकास से संबंधित अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई, जिसमें अधिकारियों को विभिन्न परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *