दिव्यांशी जोशी बनीं लेक्स इंटरनेशनल स्कूल की इंटर टॉपर

सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा में विद्यालय का परिणाम शत-प्रतिशत, कई विद्यार्थियों ने हासिल किए 90 प्रतिशत से अधिक अंक

भीमताल। लेक्स इंटरनेशनल स्कूल का सीबीएसई इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम इस वर्ष भी शत-प्रतिशत रहा। विद्यालय के 21वें बैच के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया।

घोषित परीक्षा परिणाम में वाणिज्य वर्ग की दिव्यांशी जोशी ने 91.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। विज्ञान वर्ग के अक्षय भाकुनी एवं तनिष्क राजपूत ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि वाणिज्य वर्ग की अंजली सनवाल ने 90.60 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय से इस वर्ष कुल 70 विद्यार्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया था। इनमें चार विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। वहीं 23 विद्यार्थियों ने 80 से 90 प्रतिशत तथा 20 विद्यार्थियों ने 70 से 80 प्रतिशत के बीच अंक हासिल किए। अन्य सभी विद्यार्थियों ने 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए।

विषयवार प्रदर्शन में अंग्रेजी में 98, रसायन विज्ञान में 94, भौतिक विज्ञान में 91, जीव विज्ञान में 99, गणित में 97, फिजिकल एजुकेशन में 96, कंप्यूटर साइंस में 98, हिंदी में 97, अर्थशास्त्र में 95 तथा बिजनेस स्टडीज में 95 अंक प्राप्त किए गए।

विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं निदेशक एस.एस. नेगी तथा प्रबंधक वर्ग ने दिव्यांशी जोशी, अक्षय भाकुनी, तनिष्क राजपूत, अंजली सनवाल एवं उनके परिजनों को बधाई देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *