प्रशासनिक व्यवस्थाओं की श्रद्धालुओं ने की सराहना, शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ मेला
भीमताल, 15 जून। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम मंदिर के स्थापना दिवस पर सोमवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। देश-विदेश और विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन कर महाप्रसाद ग्रहण किया। रात 8 बजे तक एक लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके थे। पूरे दिन कैंची धाम क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा और जयकारों व भजनों से परिसर गूंजता रहा।
मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरे दिन मुस्तैद रहा। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्वयं व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मंदिर पहुंचकर बाबा के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। श्रद्धालुओं ने प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं पर संतोष और प्रसन्नता जताई।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे। मैदानी क्षेत्रों से आने वाले भक्तों के लिए काठगोदाम रेलवे स्टेशन, हल्द्वानी रेलवे स्टेशन और रोडवेज स्टेशन हल्द्वानी से विशेष शटल सेवाएं संचालित की गईं। पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी अलग शटल वाहनों की व्यवस्था की गई थी। मंदिर क्षेत्र को जीरो जोन घोषित कर दर्शन व्यवस्था को सुगम बनाया गया।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों की तैनाती की गई थी। पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात नियंत्रण, सुरक्षा और सफाई व्यवस्था को मजबूत किया गया। मंदिर के कपाट सुबह पांच बजे से श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए थे।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि यात्रा मार्ग पर यातायात सुचारु रखने और जाम से बचाव के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। विशेष ट्रैफिक प्लान के तहत श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से सुरक्षित और सुगमता के साथ कैंची धाम पहुंचाया गया।
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे ने भीमताल, भवाली और विभिन्न पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं संभागीय परिवहन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी पूरे दिन व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में जुटे रहे।
मेले की सुरक्षा और व्यवस्थाओं में एसएसपी अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के, पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ अक्षय कोंडे, पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र, अपर जिलाधिकारी शौरभ असवाल, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहे।
प्रशासन के अनुसार आगामी दो से तीन दिनों तक भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ कैंची धाम पहुंचने की संभावना है, जिसके मद्देनजर सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी गई हैं।