विधायक कैड़ा के हस्तक्षेप से धारी में अवैध बोरिंग बंद, ग्रामीणों को मिली राहत

भीमताल । विधानसभा क्षेत्र के धारी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा परबड़ा में बाहरी व्यक्ति द्वारा निजी होटल के लिए अवैध रूप से कराई जा रही बोरिंग को विधायक राम सिंह कैड़ा के हस्तक्षेप के बाद बंद करा दिया गया। अवैध बोरिंग के कारण क्षेत्र के प्राकृतिक जलस्रोत सूखने लगे थे, जिससे ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों की शिकायत पर विधायक राम सिंह कैड़ा मौके पर पहुंचे और अवैध बोरिंग कार्य का निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद उन्होंने देहरादून में पेयजल विभाग के निदेशक से वार्ता कर अवैध रूप से की जा रही बोरिंग की जानकारी दी। विधायक ने कहा कि बाहरी बिल्डर निजी लाभ के लिए नियमों को ताक पर रखकर बोरिंग करा रहे हैं, जिससे पहाड़ की सीधी-सादी जनता को पीने के पानी तक के लिए तरसना पड़ रहा है। विधायक कैड़ा ने स्पष्ट कहा कि जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पेयजल विभाग के निदेशक से अवैध बोरिंग की अनुमति तत्काल निरस्त करने के आदेश जारी करने की मांग की। निर्देश मिलते ही संबंधित विभाग ने बोरिंग को बंद कराते हुए उसे सीमेंट से भरवा दिया। इस मौके पर विधायक राम सिंह कैड़ा ने कहा कि जनता ही उनके लिए सर्वोपरि है और वे अपनी जनता के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर वह हमेशा मजबूती से खड़े रहेंगे और आगे भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *