बाघ के आतंक से भीमताल विधानसभा में दहशत, कांग्रेस नेता मनोज शर्मा ने डीएफओ से की मुलाकात, सौंपा ज्ञापन

भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल के विभिन्न इलाकों में बाघ के लगातार हमलों से ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। बाघ द्वारा लगातार ग्रामीणों को शिकार बनाए जाने और वन विभाग की उदासीन कार्यशैली से आक्रोशित कांग्रेस नेता मनोज शर्मा सोमवार को डीएफओ कार्यालय नैनीताल पहुंचे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से मुलाकात कर अब तक समस्या का समाधान न होने पर कड़ी नाराजगी जताई और डीएफओ को ज्ञापन सौंपा।
शर्मा ने कहा कि पूरे भीमताल विधानसभा क्षेत्र में भय का वातावरण है। हालात ऐसे हैं मानो क्षेत्र में कर्फ्यू लगा हो। ग्रामीण घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं और लगातार जान का खतरा बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय कार्यप्रणाली से ग्रामीणों का मनोबल कमजोर हुआ है और स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है।
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने कई महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे। इनमें पूरे विधानसभा क्षेत्र में 24 घंटे गश्ती दल की तैनाती, संवेदनशील क्षेत्रों में सोलर लाइट और सोलर वाल पैनल लगाए जाने, विशेषज्ञों की विशेष टीम गठित करने तथा जंगलों की भौगोलिक जानकारी रखने वाले स्थानीय ग्रामीणों को साथ लेकर कार्य करने की मांग शामिल है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि अब तत्काल स्थिति पर नियंत्रण जरूरी है और इसके स्पष्ट परिणाम दिखने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण डीएफओ कार्यालय का घेराव करने और सामूहिक रूप से बड़े कदम उठाने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *