भीमताल : अपर सचिव और मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि मनमोहन मैनाली ने अपने दो दिवसीय दौरे के पहले दिन रामगढ़ ब्लॉक के नैकाना, कुमाटी और मल्ला सूपी गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण इलाकों में विकास कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का पूर्ण लाभ सुनिश्चित किया जाए।अपर सचिव ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना और राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत जियो टैंक लाइन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने रामगढ़ उद्यान, मुक्तसवेर फल पट्टी और एप्पल योजना के तहत ग्रामीणों को अधिक लाभ पहुंचाने के लिए कार्य तेज करने को कहा।ग्रामीणों ने अस्पतालों में रेबिज वैक्सीन की कमी की शिकायत की। इस पर उन्होंने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए त्वरित कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
अपर सचिव ने जल जीवन मिशन की प्रगति की जानकारी लेते हुए इसे प्राथमिकता से पूरा करने को कहा। साथ ही, पहाड़ी क्षेत्रों में घूम रहे आवारा पशुओं को टैगिंग करने और रामगढ़ के आसपास गौशाला के लिए भूमि चयन के निर्देश दिए।इसके अलावा पोखराड और कुमाटी गांव में सड़क निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने और क्षतिग्रस्त सड़कों को दुरुस्त करने के लिए लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया। कृषि विभाग और उद्यान विभाग को कीवी उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के आदेश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और शासन की योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सदस्य कमलेश बिष्ट, ग्राम प्रधान कृष्ण सिंह मेहता, क्षेत्र पंचायत सदस्य राधा मेहता और बीडीओ संजय कुमार गांधी सहित अन्य अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।