जमरानी बांध रोड चौड़ीकरण में लापरवाही, कृषि भूमि टूटने से ग्रामीणों में रोष

भीमताल । ग्राम पंचायत डहरा क्षेत्र में जमरानी बांध परियोजना के तहत सड़क चौड़ीकरण का कार्य जारी है, लेकिन सुरक्षा के कोई ठोस इंतजाम न होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कटिंग का कार्य तो तेजी से किया जा रहा है, लेकिन रॉक बोल्डिंग का कार्य बेहद धीमी गति से हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि बीती रात भारी नुकसान हुआ और कई जगह कृषि भूमि टूट गई। वहीं, मकान खेतों से करीब पचास मीटर की दूरी पर हैं, जिससे बरसात होने पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कार्य के दौरान विभाग का कोई भी जिम्मेदार कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं रहता। कई बार फोन करने के बावजूद अधिकारी साइट पर नहीं पहुंचते।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि विभाग ने अब तक न तो कोई मुआवजा दिया है और न ही पहले तय शर्तों का पालन किया है। हालात बिगड़ने पर आज ग्रामवासियों ने मामले की सूचना एसडीएम नैनीताल को दी। ग्राम प्रधान मनोज चनौतिया, विनोद बेलवाल, ललित भट, विजय पलडिया और ललित चनौतिया ने चेतावनी दी कि यदि कार्य में तेजी नहीं लाई गई तो समस्त ग्रामवासी सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *