विधायक कैड़ा ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन कराने की मांग की

भीमताल : विधायक राम सिंह कैड़ा ने तल्ला रामगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश के चलते आई आपदा के बाद जिलाधिकारी से वार्ता कर नुकसान का आकलन कराने और प्रभावितों को त्वरित सहायता प्रदान करने की मांग की है। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण रामगढ़ क्षेत्र में नदियों में जलस्तर बढ़ गया, जिससे कई परिवारों को बीच में फंसने की सूचना मिली। ग्रामीणों की सूचना पर विधायक कैड़ा ने तुरंत जिला प्रशासन को सूचित किया और NDRF टीम को मौके पर भेजकर फंसे हुए लोगों का सफल रेस्क्यू कराया।
विधायक कैड़ा ने जिलाधिकारी नैनीताल वंदना सिंह से बात करते हुए बताया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के रामगढ़, ओखलकांडा, धारी, और भीमताल ब्लॉक के कई गांवों में नदियों के कटाव और भूस्खलन से भारी नुकसान हुआ है। कई मोटर मार्ग बंद हो गए हैं, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ओखलकांडा ब्लॉक के चमोली गाजा, लुगड़, ककोड़ गाजा जैसे क्षेत्रों में विद्युत लाइनें ध्वस्त हो चुकी हैं और ग्रामीणों की कृषि भूमि बह गई है।
भीमताल के ग्राम पिंनरो, ओखलकांडा के ग्राम थलाडी, और धारी के कौल सहित कई गांवों में भारी भूस्खलन के कारण ग्रामीणों के लिए खतरा बना हुआ है। विधायक ने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि वे आपदा से प्रभावित क्षेत्रों में टीमों को भेजकर नुकसान का आकलन करें और प्रभावित ग्रामीणों को राहत प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *