लगातार बारिश से ओखलकांडा के खनस्यु में भारी तबाही, ब्लॉक संसाधन केंद्र और विद्युत आपूर्ति प्रभावित

Social Reporting

भीमताल : ओखलकांडा के खनस्यु में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। शुक्रवार सुबह पीएमजीएसवाई मार्ग से मलबा और पानी ब्लॉक संसाधन केंद्र (BRC) और उप शिक्षाधिकारी कार्यालय में घुस गया, जिससे भवन और उसमें रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी से आए मलबे और पानी ने खनस्यु-टांडा-रिखाकोट जाने वाले पीएमजीएसवाई मार्ग के नीचे बने भवन को बुरी तरह प्रभावित किया। इस भवन में स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र में रखे दस्तावेज, फोटो स्टेट मशीन और कंप्यूटर जैसे कई महत्वपूर्ण उपकरण खराब हो गए। ग्रामीणों के अनुसार, भवन में इतनी अधिक मात्रा में पानी भर गया कि वह खिड़कियों से बाहर निकलने लगा। हादसे के वक्त वहां तैनात पीआरडी (प्रहरी रक्षा दल) के जवान शौचालय में थे, जिससे एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई।
इसके अलावा, ओखलकांडा के उप शिक्षाधिकारी कार्यालय में भी पानी और मलबा घुसने से काफी नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दी, ताकि जल्द से जल्द राहत कार्य शुरू किया जा सके।
चाफी के अलचोना सड़क मार्ग के नीचे हुए भूस्खलन के कारण बिजली का एक पोल क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे कई गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली निगम की एसडीओ काजल रैकुनी ने बताया कि लगातार बारिश के कारण चाफी, अलचोना और ओखलकांडा समेत कई अन्य क्षेत्रों में बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। सूचना मिलते ही संबंधित लाइनमैन को मौके पर भेजा गया और विद्युत आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए गए। कुछ क्षेत्रों में जंगलों के बीच से गुजरने वाली लाइनों के खंभे टूटने की भी खबर है, जिन्हें जल्द से जल्द ठीक किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *