भीमताल : रामगढ़ में विश्व भारती विश्वविद्यालय का गीतांजलि परिसर जल्द ही अपने मूल स्वरूप में आकार लेगा। यह जानकारी पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट ने अपने दौरे के दौरान दी। मंगलवार को रामगढ़ पहुंचे अजय भट्ट का कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया।
सांसद ने रामगढ़, सूपी, काफली, भटेलिया, गहना, दनकन्या और मौना जैसे दूरस्थ क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने विश्वविद्यालय के लिए आवंटित 45 एकड़ भूमि की लीज बढ़ाने का मुद्दा उठाया। इस पर सांसद ने जल्द प्रस्ताव शासन को भेजने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर इस मुद्दे को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जो विश्व भारती विश्वविद्यालय के कुलसचिव भी हैं, निर्माण कार्य को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
रामगढ़ विकासखंड में चल रहे 182 करोड़ रुपये की लागत वाले जल-जीवन मिशन की प्रगति का जायजा लेते हुए अजय भट्ट ने अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखने और लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। साथ ही, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 14 करोड़ रुपये की लागत से बन रही कस्यालेख-सूपी-पाटा सड़क का निरीक्षण भी किया।
सांसद ने बताया कि 50 वर्षों से लंबित जमरानी बांध परियोजना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मंजूरी दी गई है। इसके अलावा, मल्ला रामगढ़ में आज़ादी के समय से स्थापित रोडवेज स्टेशन परिसर और लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस के जीर्णोद्धार को लेकर परिवहन सचिव बृजेश संत और लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज पांडेय को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सूपी क्षेत्र में महिलाओं ने बिजली के बिल पर जीएसटी जुड़ने की समस्या बताई। इस पर सांसद ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को बिलों में सुधार के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान मंडल अध्यक्ष अंकित पांडेय, पूर्व जिला अध्यक्ष देवेंद्र ढेला, महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री भावना मेहरा, ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख प्रदीप ढेला और अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।