कुमाऊं विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने औषधि निरीक्षक परीक्षा में मारी बाजी

भीमताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के भेषज विज्ञान विभाग के तीन पूर्व विद्यार्थियों और एक पीएचडी शोधकर्ता ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित औषधि निरीक्षक (ग्रेड-2) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया है।
उत्तराखंड शासन के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अंतर्गत आयोजित इस परीक्षा में पंकज पंत, पूजा रानी, हर्षिता और गौरी कुकरेती ने अपनी जगह बनाई। विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. अनिता सिंह ने बताया कि पंकज पंत ने मेरिट सूची में दूसरा स्थान हासिल किया। पंकज ने वर्ष 2008 में बी.फार्म की डिग्री कुमाऊं विश्वविद्यालय से प्राप्त की थी। तीसरे स्थान पर रहीं पूजा रानी ने 2015 में बी.फार्म की डिग्री हासिल की।
वर्तमान में पीएचडी शोधकर्ता गौरी कुकरेती ने नौवां स्थान प्राप्त किया है। गौरी भेषज विज्ञान विभाग से ही अपना शोध कार्य कर रही हैं। वहीं, दसवें स्थान पर रहीं हर्षिता ने 2016 में बी.फार्म और 2018 में एम.फार्म की डिग्री कुमाऊं विश्वविद्यालय से उत्तीर्ण की थी।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय में उत्साह का माहौल है। कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत, परिसर निदेशक प्रो. एल.के. सिंह, तकनीकी संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. कुमुद उपाध्याय और अन्य शिक्षकों व कर्मचारियों ने इन विद्यार्थियों को बधाई दी है। साथ ही, इसे विश्वविद्यालय और विभाग के लिए गर्व का क्षण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *