भीमताल, 5 जुलाई। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने रविवार को ओखलकांडा ब्लॉक के भीड़ापानी, नरतोला, झूपली बाझ, पतलोट और भद्रेठा गांवों का दौरा कर ग्रामीणों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को दूरभाष पर आवश्यक निर्देश देते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए कहा।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों और भाजपा पदाधिकारियों ने बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। इस पर मंत्री ने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राम सिंह कैड़ा ने कहा कि जिन गांवों तक अब तक सड़क सुविधा नहीं पहुंची है, उन्हें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) फेज-4 में शामिल कर प्रस्ताव भारत सरकार को भेज दिए गए हैं। प्रस्तावों को स्वीकृति मिलने के बाद इन गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने का कार्य तेजी से किया जाएगा।
उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव के अंतिम छोर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिए सभी को सक्रिय होकर कार्य करना होगा।
मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।