सेवा पखवाड़ा: मैराथन, साइकिलिंग और शूटिंग प्रतियोगिताओं से खेल प्रतिभाओं को मिला मंच

भीमताल, 5 जुलाई। प्रदेश सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ संकल्प और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत आयोजित 15 दिवसीय सेवा पखवाड़ा के दूसरे दिन रविवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम हल्द्वानी और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, गौलापार में खेल एवं युवा कल्याण पर केंद्रित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने जिला स्तरीय साइकिलिंग प्रतियोगिता को हरी झंडी दिखाकर किया।

सांसद अजय भट्ट ने कहा कि राज्य सरकार सेवा, सुशासन और समर्पण की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का उद्देश्य शासन और जनता के बीच की दूरी कम करते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में युवाओं और खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के तहत स्पोर्ट्स स्टेडियम हल्द्वानी से मैराथन, साइकिलिंग और मंडल स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। साइकिलिंग और मैराथन प्रतियोगिताएं वियरशिवा स्कूल, निर्मला कॉन्वेंट स्कूल और नरीमन चौराहा होते हुए इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, गौलापार में संपन्न हुईं। प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, युवाओं और छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

प्रतियोगिता के बालक वर्ग में भरत ने प्रथम और चैतन्य पंत ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में अंशिका प्रथम, कनिका द्वितीय और निशा तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से राज्य और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास, खेल प्रोत्साहन और अन्य योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत लोक सांस्कृतिक कला समिति, हल्द्वानी ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया, जबकि जिला सूचना विभाग ने प्रचार सामग्री और कैलेंडर वितरित किए।

प्रशासन के अनुसार सेवा पखवाड़ा के तहत आगामी दिनों में जनपद के विभिन्न विकासखंडों और तहसील मुख्यालयों में विषयवार बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ जनसमस्याओं का त्वरित समाधान भी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *