भीमताल : परिवहन विभाग ने शनिवार को नैनीताल और हल्द्वानी नगर क्षेत्र में व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया। इस अभियान में कुल 78 वाहनों के चालान किए गए, जबकि दस्तावेज़ प्रस्तुत न करने के आरोप में दो ई-रिक्शा सीज किए गए। सहायक परिवहन अधिकारी जितेंद्र सांगवान के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में टैक्सी, मैक्सी कैब, ट्रक, ई-रिक्शा, ऑटो, कार, मोटरसाइकिल एवं टैक्सी बाइक समेत विभिन्न प्रकार के वाहनों की सघन चेकिंग की गई। कार्रवाई के दौरान परमिट शर्तों का उल्लंघन, चालकों द्वारा यूनिफॉर्म न पहनना, सीट बेल्ट/हेलमेट का प्रयोग न करना, नो पार्किंग, टैक्स न जमा करना, तथा वाहनों की फिटनेस की अनदेखी जैसे मामलों में चालान काटे गए। इस प्रवर्तन कार्यवाही में सहायक परिवहन अधिकारी के साथ परिवहन कर अधिकारी अपराजिता पांडे, विमल उप्रेती, परिवहन निरीक्षक रामचंद्र पवार, सहायक परिवहन निरीक्षक अनिल कार्की, गोविंद सिंह, मोहम्मद दानिश, गोधन सिंह तथा प्रवर्तन चालक पुष्कर और महेन्द्र शामिल रहे।