नैनीताल में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में 76.07 प्रतिशत मतदान, चारों विकासखंडों में दिखा उत्साह

सीडीओ और एडीएम ने किया निरीक्षण, दिव्यांग व वरिष्ठ मतदाताओं के लिए रही विशेष व्यवस्था

भीमताल : नैनीताल जिले में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में सोमवार को चार विकासखंडों में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें नजर आईं। कुल मिलाकर जिले में 76.07 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। भीमताल में सबसे अधिक 81.11 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि कोटाबाग में 79.35, रामनगर में 75.13 और हल्द्वानी में 73.61 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। मुख्य विकास अधिकारी अनामिका और अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने मतदान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में जाकर मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, मूलभूत सुविधाएं और मतदाताओं की सुविधा का जायजा लिया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
———————————————————————-
दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधा

चुनाव में 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई। प्रशासन की ओर से इन्हें घर से केंद्र तक पहुंचाने और फिर वापस घर छोड़ने की व्यवस्था रही। कुल 202 विशेष मतदाताओं ने इस सुविधा का लाभ उठाया, जिनमें 142 दिव्यांग और 60 वरिष्ठ नागरिक शामिल रहे।
शांतिपूर्ण मतदान के सफल आयोजन पर जिलाधिकारी वंदना ने निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों, कार्मिकों, सुरक्षाकर्मियों और मतदाताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता की भागीदारी और प्रशासन की तैयारी से चुनाव प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *