भीमताल में श्रम कार्यालय का उद्घाटन, अब श्रमिकों को नहीं जाना पड़ेगा हल्द्वानी

भीमताल: भीमताल, धारी और रामगढ़ ब्लॉक के ग्रामीणों को अब श्रम विभाग से जुड़े कार्यों के लिए हल्द्वानी नहीं जाना पड़ेगा। विधायक राम सिंह कैड़ा ने भीमताल में श्रम कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया, जिससे क्षेत्र के श्रमिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
अब तक स्थानीय श्रमिकों को पंजीकरण, योजनाओं का लाभ लेने और अन्य श्रम विभाग संबंधी कार्यों के लिए हल्द्वानी जाना पड़ता था। दिनभर लाइन में खड़े रहने के बावजूद कई बार श्रमिकों को खाली हाथ लौटना पड़ता था। इस समस्या को देखते हुए क्षेत्रीय ग्रामीणों ने विधायक कैड़ा से भीमताल में श्रम कार्यालय खोलने की मांग की थी।
विधायक कैड़ा ने बताया कि उन्होंने ओखलकांडा के खनस्यू में पहले ही एक श्रम कार्यालय खोला था, जिससे वहां के ग्रामीणों को लाभ मिल रहा है। अब भीमताल में कार्यालय खुलने से इस क्षेत्र के श्रमिकों को भी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों को सरकार की कई योजनाओं का लाभ मिल रहा है, जिनमें कंबल, छाता, सिलाई मशीन, टूल किट आदि शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *