भीमताल: कुमाऊं विश्वविद्यालय के भेषज विज्ञान विभाग में अध्यनरत बी. फार्मा अंतिम वर्ष के छात्र आदर्श शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया है। उन्होंने एथेंस, ग्रीस में आयोजित पांचवीं एक्रोपोलिश इंटरनेशनल वूशु प्रतियोगिता (28 फरवरी से 3 मार्च) में यह उपलब्धि अपने नाम की।
विभागाध्यक्ष प्रो. कुमुद उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि आदर्श शर्मा पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं। इस बार उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय और देश का नाम रोशन किया है।
आदर्श की इस उपलब्धि पर परिसर निदेशक प्रो. एल.के. सिंह, संकायाध्यक्ष प्रो. कुमुद उपाध्याय, पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. अनीता सिंह, विभागीय क्रीड़ा प्रभारी डॉ. राजेश्वर कमल कांत, डॉ. लक्ष्मण सिंह रौतेला समेत विश्वविद्यालय के सभी शिक्षकों और कर्मचारियों ने उन्हें बधाई दी।