भीमताल : जिला बार संघ नैनीताल के चुनावी संग्राम में इस बार अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला दिलचस्प होने जा रहा है। कुल चार प्रत्याशी अध्यक्ष पद के लिए मैदान में हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी संजय सुयाल ने जानकारी दी कि बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच की प्रक्रिया पूरी कर ली गई, जिसमें सभी पदों पर दाखिल किए गए नामांकन वैध पाए गए।
अध्यक्ष पद के लिए अरुण बिष्ट, पंकज चौहान, भगवत प्रसाद और मंजू कोटलिया चुनावी मैदान में हैं। वहीं, उपाध्यक्ष पद पर शंकर चौहान और अब्दुल समीर के बीच सीधा मुकाबला होगा। सचिव पद के लिए दीपक रूवाली और अनिल बिष्ट, जबकि उपसचिव पद पर दीपक पांडेय और जमीर अहमद आमने-सामने होंगे।
कार्यकारिणी सदस्यों के लिए प्रीति साह, तारा आर्या, शशांक कुमार और गौरव ने सफलतापूर्वक नामांकन किया है।निर्वाचन प्रक्रिया के तहत 17 मार्च को आम सभा आयोजित की जाएगी, जिसके बाद 18 मार्च को टेंडर वोट डाले जाएंगे और 19 मार्च को मतदान संपन्न होगा। मतदान के बाद 19 मार्च की शाम को ही चुनावी नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।
बार संघ चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अध्यक्ष पद पर चार प्रत्याशियों के मैदान में होने से इस बार चुनावी मुकाबला कड़ा माना जा रहा है। प्रत्याशी अपने-अपने समर्थन में लामबंद हो रहे हैं और अधिवक्ताओं से संपर्क कर समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं।