विधायक ने कहा महिलाओं को बराबरी का हक दिलाने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध
भीमताल : विधायक राम सिंह कैड़ा ने ग्राम सभा पस्तोला में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के अधिकारों, समानता और सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को बराबरी का हक दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
विधायक कैड़ा ने कहा कि हर साल 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के साथ होने वाले भेदभाव को खत्म करना और उन्हें समाज में समान अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिलाओं के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ प्रदेश की मातृशक्ति को मिल रहा है।
इस अवसर पर समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान खष्टि राघव, जानकी देवी, संतोष शर्मा, उमेश पलडीया, कृष्णा राघव, विपिन पलड़ीया, त्रिलोचन, हरीश पलडीया, केदार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।