भीमताल। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने लोकसभा में नियम 377 के तहत उत्तराखंड में हर वर्ष आने वाली प्राकृतिक आपदाओं का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार से राज्य के लिए विशेष आर्थिक पैकेज की मांग की।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि उनका संसदीय क्षेत्र चारों ओर से पर्वतीय क्षेत्र से घिरा है। ग्लोबल वार्मिंग के प्रभाव के कारण अब मार्च-अप्रैल से ही भारी वर्षा और बादल फटने जैसी घटनाएं होने लगी हैं। मानसून के दौरान इन आपदाओं की तीव्रता और बढ़ जाती है, जिससे प्रदेश में जान-माल का भारी नुकसान हो रहा है।
उन्होंने कहा कि आपदाओं के चलते सड़कें, पुल, खेत-खलिहान और तैयार फसलें क्षतिग्रस्त हो जाती हैं। इससे आम लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है, वहीं सरकार की विकास योजनाएं भी प्रभावित होती हैं।
सांसद ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि उत्तराखंड में प्रतिवर्ष होने वाली बरसाती आपदाओं से निपटने और क्षतिग्रस्त आधारभूत ढांचे के पुनर्निर्माण के लिए राज्य सरकार को विशेष राहत एवं पुनर्निर्माण पैकेज उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि इससे आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास कार्यों में तेजी आएगी और विकास परियोजनाओं को गति मिलेगी।