भीमताल। केंद्रीय संचार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से मंगलवार को पीएम श्री उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, कालाढूंगी में “विकसित भारत @ 2047” एवं “नशा मुक्त भारत” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ चित्र प्रदर्शनी के उद्घाटन और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
दर्जा राज्य मंत्री श्रीमती शांति मेहरा ने फीता काटकर चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। वहीं क्षेत्रीय विधायक बंशीधर भगत, दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती मनीषा जंतवाल तथा नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती रेखा कत्यूरा ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय नैनीताल के विभागीय कलाकारों ने “पुनर्वास की आस” नाटक का मंचन कर युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया। महिला एवं बाल विकास विभाग, कोटाबाग की ओर से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की गोद भराई तथा छह माह से अधिक आयु के शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। सांस्कृतिक कला उत्थान समिति, खुर्पाताल ने लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।
कार्यक्रम में “विकसित भारत @ 2047” विषय पर आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अर्चना भट्ट, हिना बिष्ट, वैशाली जलाल, जिया, रचित गंगोला, छाया आर्य और अंजली पांडे समेत कई प्रतिभागियों ने सही उत्तर देकर पुरस्कार प्राप्त किए।
नैनीताल जिले की विकसित भारत @ 2047 की लोकपाल श्रीमती पुष्पा कांडपाल ने “जी राम जी” विधेयक की विस्तार से जानकारी दी। विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि विकसित ग्राम सभा कार्यक्रम के अंतर्गत “रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन-जी राम जी” ग्रामीण विकास और रोजगार सृजन की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
कार्यक्रम का संचालन शंभू दत्त साहिल ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य एक सिंह, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. मदन गोनल, खंड विकास कार्यालय कोटाबाग के अधिकारी, केंद्रीय संचार ब्यूरो के दीपक शर्मा, गोपेश सिंह बिष्ट, आनंद बिष्ट, भास्कर जोशी, दीवान सिंह, भूपेंद्र सिंह जड़ौद, शोभा चरक, दीपा जोशी, श्रद्धा गुरु, रानी तिवारी, शर्मिष्ठा बिष्ट सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।