ईवीएम-वीवीपैट का मॉक पोल कर मतदाताओं को समझाई मतदान प्रक्रिया

रामनगर में प्रदर्शन केंद्र के माध्यम से युवाओं और नए मतदाताओं को किया जा रहा जागरूक

भीमताल । निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद नैनीताल में ईवीएम और वीवीपैट जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत गुरुवार को विधानसभा क्षेत्र 61-रामनगर के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में प्रदर्शन केंद्र के माध्यम से आम नागरिकों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इस दौरान लोगों को ईवीएम से मतदान का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के साथ मॉक पोल भी कराया गया।

सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एचडी पाण्डेय ने बताया कि प्रदर्शन केंद्र में नागरिकों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट की कार्यप्रणाली से अवगत कराया जा रहा है। लोगों को मशीन के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कर बताया जा रहा है, ताकि वे स्वयं इसका अभ्यास कर सकें।

उन्होंने बताया कि ईवीएम में वोट दर्ज करने के बाद वीवीपैट की पारदर्शी खिड़की में संबंधित प्रत्याशी के नाम और चुनाव चिह्न वाली पर्ची दिखाई देती है। इससे मतदाता अपने द्वारा डाले गए वोट की पुष्टि कर सकते हैं। अभियान के दौरान मशीनों की कार्यप्रणाली, सुरक्षा और पारदर्शिता से जुड़े पहलुओं की भी जानकारी दी जा रही है।

अभियान का उद्देश्य मतदाताओं की मतदान प्रक्रिया के प्रति शंकाओं और भ्रांतियों को दूर करना तथा ईवीएम-वीवीपैट के प्रति विश्वास बढ़ाना है। विशेष रूप से युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को जागरूक कर जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से जनपद में निर्वाचन संबंधी जागरूकता गतिविधियों को लगातार संचालित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक मतदान प्रक्रिया को समझकर लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *