सीडीओ अरविंद कुमार पाण्डेय ने भरा स्व-गणना फार्म, जनपद में 3982 लोगों ने कराया पंजीकरण

1477 लोगों ने अब तक पूरा किया ऑनलाइन फार्म, 30 नवंबर तक चलेगा स्व-गणना अभियान

भीमताल। जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना अभियान को गति देने के लिए मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने गुरुवार को अपने आवास से ऑनलाइन स्व-गणना फार्म भरा। उन्होंने जनपदवासियों से भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की। जनपद नैनीताल में अब तक 3982 लोगों ने स्व-गणना के लिए पंजीकरण कराया है, जबकि इनमें से 1477 लोग अपना फार्म पूरा कर चुके हैं।

सीडीओ ने बताया कि भारत सरकार की ओर से 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश के भविष्य और विकास की आधारशिला है। नागरिकों की ओर से दी गई सही जानकारी के आधार पर सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी बेहतर योजनाएं तैयार कर सकती है।

उन्होंने बताया कि स्व-गणना के लिए नागरिकों को प्रगणक के घर आने का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। वे घर बैठे मोबाइल या लैपटॉप के माध्यम से आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने और परिवार के सभी सदस्यों का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। पोर्टल पर कुल 40 प्रश्नों के उत्तर भरने होंगे। फार्म जमा होने के बाद 11 अंकों की स्व-गणना आईडी मिलेगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है। दूसरे चरण में प्रगणक के घर पहुंचने पर यह आईडी उपलब्ध करानी होगी।

सीडीओ ने कहा कि स्व-गणना से लोगों का समय बचेगा और अपनी सुविधानुसार जानकारी दर्ज करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि फार्म भरने से पहले परिवार के सभी सदस्यों के नाम, जन्मतिथि, आयु, शिक्षा, व्यवसाय और अन्य आवश्यक जानकारियां एकत्र कर लें, ताकि फार्म भरने में आसानी हो।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना अपनी स्व-गणना पूरी करें और इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में जिम्मेदारी के साथ भागीदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *