जमरानी बांध प्रभावित ग्रामीणों ने सौंपा मांग पत्र, डंपिंग जोन चयन पर जताई आपत्ति

भीमताल : अपर परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण नैनीताल की अध्यक्षता में मंगलवार को जमरानी बांध प्रभावित डाउनस्ट्रीम क्षेत्र के ग्रामीणों, गोलाघाटी विकास मंच के पदाधिकारियों और ग्राम प्रधानों के साथ बैठक आयोजित की गई। इस दौरान प्रभावित परिवारों की समस्याओं को लेकर एक मांग पत्र सौंपा गया।

गोलाघाटी विकास मंच के अध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि ग्रामीणों को विश्वास में लिए बिना डंपिंग जोन का चयन किया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल, एएनएम सेंटर और विद्यालयों के पहुंच मार्ग को खतरा उत्पन्न हो गया है, जिससे स्थानीय निवासियों, विशेष रूप से बच्चों और मरीजों को असुविधा हो रही है। इसके अलावा, स्थानीय गदेरे में डंपिंग जोन बनाए जाने से भूस्खलन और भू-कटाव का खतरा बढ़ गया है।

बैठक में बाड़ सुरक्षा योजना, जंगली जानवरों से सुरक्षा हेतु तारबाड़, सोलर लाइट लगाने, सड़क निर्माण से पंचायत परिसंपत्तियों को हो रहे नुकसान की भरपाई, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने जैसी विभिन्न मांगें रखी गईं।

बैठक में खंड विकास अधिकारी महेश्वर सिंह अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी मोहन राम, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि हरीश श्रीवास्तव, मनरेगा अधिकारी नीरज जलाल, गोलाघाटी विकास मंच के उपाध्यक्ष प्रेम सिंह महरा, केशव दत्त पांडे, संयोजक हरीश पांडे, पूरन शर्मा, लक्ष्मी दत्त पलड़िया, दीवान सिंह समेत कई स्थानीय प्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने मांग की कि उनकी समस्याओं का समाधान शीघ्र किया जाए, अन्यथा वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *