डीएम ललित मोहन रयाल ने की अपील, कृषि सेवाओं और योजनाओं का लाभ दिलाने में अहम होगी फार्मर रजिस्ट्री की भूमिका
भीमताल। भविष्य में विभिन्न कृषि सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने में फार्मर रजिस्ट्री की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसके माध्यम से किसानों की पहचान और उनकी भूमि से संबंधित निर्धारित विवरणों का डिजिटल अभिलेखीकरण किया जाएगा। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपद के सभी किसानों से फार्मर आईडी बनवाने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार के डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन के तहत एग्रीस्टैक के माध्यम से किसानों की फार्मर आईडी बनाई जा रही है। फार्मर रजिस्ट्री से कृषि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता आएगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों की पहचान करने और योजनाओं का लाभ व्यवस्थित एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में विभिन्न कृषि सेवाओं और योजनाओं के अंतर्गत किसानों को सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी फार्मर रजिस्ट्री अहम भूमिका निभाएगी। इससे कृषि क्षेत्र में डिजिटल व्यवस्था मजबूत होने के साथ ही किसानों की सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।
डीएम ने जनपद के सभी किसान भाइयों और बहनों से अपील की कि वे फार्मर रजिस्ट्री का महत्व समझते हुए जल्द से जल्द अपनी फार्मर आईडी बनवाने की प्रक्रिया पूरी करें। इसके लिए किसान अपने नजदीकी कृषि, उद्यान एवं सहकारिता विभाग के कार्यालय या कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) से संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने किसानों से आसपास के अन्य किसानों को भी फार्मर रजिस्ट्री बनवाने के लिए प्रेरित करने की अपील की। जिलाधिकारी ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से जनपद में फार्मर रजिस्ट्री का कार्य प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकेगा। उन्होंने सभी से कृषि क्षेत्र को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और तकनीक-सक्षम बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया।