कसियालेख-हरिनगर-अक्सोड़ा मोटर मार्ग के डामरीकरण को 3.82 करोड़ रुपये स्वीकृत

धारी ब्लॉक के आठ किलोमीटर मार्ग का होगा सुधारीकरण, मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों को जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के दिए निर्देश

भीमताल। धारी ब्लॉक के कसियालेख से काफली, हरिनगर होते हुए अक्सोड़ा तक मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए 3 करोड़ 82 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। शासन से इसके लिए शासनादेश भी जारी हो गया है। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

मंत्री कैड़ा ने बताया कि कसियालेख से हरिनगर-अक्सोड़ा तक करीब आठ किलोमीटर लंबा मोटर मार्ग खराब होने से ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दौरान ग्रामीणों की दिक्कतें और बढ़ जाती थीं। स्थानीय लोगों ने उनसे मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग की थी।

जनता की समस्याओं को देखते हुए मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। अब इसके लिए 3.82 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद शासनादेश जारी हो चुका है। उन्होंने कहा कि जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर मार्ग पर सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य शुरू कराया जाएगा।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य लगातार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता की समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। वहीं, मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत होने पर क्षेत्रीय लोगों ने मंत्री कैड़ा का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *