पर्यटन स्वरोजगार और होमस्टे योजना के 31 आवेदन स्वीकृत

वीर चंद्र सिंह गढ़वाली योजना में वाहन श्रेणी के 15 और गैर-वाहन श्रेणी के चार आवेदन मंजूर, होमस्टे के 12 आवेदकों को भी मिली स्वीकृति

भीमताल। जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित योजनाओं के तहत 31 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं। बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी ललित मोहन की अध्यक्षता में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना और दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होमस्टे) विकास योजना की जिला चयन समिति की बैठक हुई। इसमें प्राप्त आवेदन-पत्रों की समीक्षा के बाद पात्र आवेदकों के चयन पर निर्णय लिया गया।

बैठक में समिति ने दोनों योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदन-पत्रों का शासनादेशों और निर्धारित मानकों के अनुसार परीक्षण किया। वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना की वाहन श्रेणी में प्राप्त 17 आवेदनों में से दो निरस्त किए गए, जबकि 15 को स्वीकृति प्रदान की गई। गैर-वाहन श्रेणी में प्राप्त चारों आवेदन स्वीकृत किए गए।

इसी प्रकार दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होमस्टे) विकास योजना के तहत प्राप्त 14 आवेदन-पत्रों में से दो निरस्त किए गए, जबकि 12 आवेदन स्वीकृत किए गए। इस तरह दोनों योजनाओं के अंतर्गत कुल 35 आवेदनों में से 31 को मंजूरी मिली और चार आवेदन निरस्त किए गए।

जिलाधिकारी ललित मोहन ने संबंधित अधिकारियों को चयनित लाभार्थियों के प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शिता और प्रभावशीलता के साथ पहुंचाया जाए। शासन की मंशा के अनुरूप वास्तविक पात्र लाभार्थियों का चयन सुनिश्चित करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उनकी आजीविका मजबूत करना और जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

बैठक में एएसपी आरडी मठपाल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्या, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार सिंह, एआरटीओ विपिन कुमार, एएलडीएम भूपेंद्र सिंह जीना, नाबार्ड के डीडीएम मुकेश बेलवाल और जिला उद्योग केंद्र के सहायक प्रबंधक कैलाश सिंह सम्मल सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *