विकास भवन में सीडीओ का औचक निरीक्षण, 20 से अधिक कर्मचारी मिले अनुपस्थित

गेस्ट हाउस में भी मिली अनियमितताएं, कक्ष आवंटन के लिए समिति गठित करने के निर्देश

भीमताल। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने शनिवार को विकास भवन, भीमताल स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई विभागों में कर्मचारी बिना पूर्व अवकाश स्वीकृत कराए अनुपस्थित मिले। वहीं, समाज कल्याण विभाग में कुछ कर्मचारी कार्यालय में उपस्थित होने के बावजूद उपस्थिति रजिस्टर में उनके हस्ताक्षर नहीं पाए गए।

लघु सिंचाई विभाग में उमेश कुमार, वरिष्ठ वैयक्तिक सहायक और वाहन चालक गौतम कुमार अनुपस्थित मिले। बाल विकास विभाग में वरिष्ठ सहायक कृपाल सिंह राणा, सांख्यिकी सहायक वरुण कुमार और वाहन चालक कैलाश बेलवाल अनुपस्थित पाए गए। पंचायतीराज कार्यालय में वरिष्ठ सहायक प्रकाश चंद्र और कनिष्ठ सहायक रश्मि बाला तथा अल्पसंख्यक विभाग में पीआरडी कर्मी हेमा आर्य बिना अवकाश स्वीकृति के अनुपस्थित मिलीं।

इसी प्रकार मुख्य उद्यान अधिकारी कार्यालय में वरिष्ठ सहायक राहुल भट्ट, मुख्य सहायक ज्ञानेंद्र पांडे, वाहन चालक धर्मेंद्र सिंह और सहायक विकास अधिकारी निर्मला भंडारी अनुपस्थित मिले। युवा कल्याण विभाग में पीआरडी कर्मी नवीन चंद्र, ललित कुमार और प्रशासनिक अधिकारी अश्विनी कुमार भी बिना अवकाश प्रार्थना पत्र के अनुपस्थित पाए गए।

समाज कल्याण विभाग में राहुल कुमार, वरिष्ठ सहायक, अनुज कुमार, कनिष्ठ सहायक और कंप्यूटर ऑपरेटर मंजू जोशी कार्यालय में उपस्थित पाए गए, लेकिन उपस्थिति रजिस्टर में उनके हस्ताक्षर दर्ज नहीं थे। सीडीओ ने सभी संबंधित कार्मिकों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए हैं। स्पष्टीकरण प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

गेस्ट हाउस के निरीक्षण में भी मिलीं अनियमितताएं

सीडीओ ने युवा कल्याण विभाग के गेस्ट हाउस का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेखों और व्यवस्थाओं की जांच में कई अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण में गेस्ट हाउस में दो लोगों का निवास दर्ज पाया गया, लेकिन विजिटर रजिस्टर में उनका कोई विवरण दर्ज नहीं था।

इस पर सीडीओ ने जिला युवा कल्याण अधिकारी से स्पष्टीकरण लेते हुए आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने गेस्ट हाउस में कक्ष आवंटन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी और जिला युवा कल्याण अधिकारी की अध्यक्षता में समिति गठित करने के निर्देश दिए। समिति से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद ही कक्ष आवंटन की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।

सीडीओ ने गेस्ट हाउस के रखरखाव, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *