हल्द्वानी के विकास कार्यों में लापरवाही पर सख्त हुए मंत्री कैड़ा, सड़क खुदाई जल्द पूरी करने के निर्देश

भीमताल, 7 जुलाई। शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मंगलवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस सभागार में हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन विभागों ने पेयजल, सीवर, विद्युत केबल, ऑप्टिकल फाइबर या अन्य कार्यों के लिए सड़कें खोदी हैं, वे पहले उन्हें निर्धारित समय में दुरुस्त करें, उसके बाद ही नई सड़क की खुदाई शुरू करें।

बैठक में मानसून से पूर्व सड़क निर्माण, जल निकासी, नालों की सफाई, सड़क खुदाई और जनसुविधाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्री ने बरसात के दौरान जलभराव और कीचड़ की समस्या से बचाव के लिए नालों की डिसिल्टिंग, अवरोध हटाने, निचले क्षेत्रों में पंपिंग व्यवस्था तथा वैकल्पिक मार्ग चिन्हित करने के निर्देश दिए। साथ ही वार्डवार क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, इंटरलॉकिंग टाइल्स एवं नाली निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि हल्द्वानी का विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट का हिस्सा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में नगर के समग्र विकास के लिए 2200 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध हुई है, जिसके माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा व्यापक विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित हल्द्वानी उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों के लिए नई पहचान बनेगा।

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक सप्ताह विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट नगर आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। नगर आयुक्त को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने तथा कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा फुटपाथों और सड़कों पर अतिक्रमण हटाने तथा वेंडिंग जोन निर्धारित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक के बाद मंत्री कैड़ा ने एडीबी परियोजना के तहत नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। काठगोदाम स्थित कालटेक्स क्षेत्र में सीवरेज, नहर, सड़क और गैस पाइपलाइन से जुड़े कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्यों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने जमरानी बांध परियोजना के अंतर्गत बन रही नहर की सुरक्षा कवरिंग का प्रस्ताव शासन को भेजने तथा कालटेक्स के पास सड़क पर बने गड्ढे को शीघ्र भरकर सड़क को पूर्ववत करने के निर्देश भी दिए।

मंत्री ने सड़क किनारे चल रहे सभी विकास कार्य स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा घेराबंदी, चेतावनी संकेतक और साइनेज लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि मानसून के दौरान आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *