कुमाऊं आयुक्त ने मामले का लिया संज्ञान, सीएमओ को भुगतान कराने के दिए निर्देश
भीमताल। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत सेवाएं दे रहे वाहन स्वामियों को पिछले तीन माह से वाहन का मासिक किराया नहीं मिलने की शिकायत का कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने संज्ञान लिया है। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल को संबंधित ठेकेदार से वाहन स्वामियों का लंबित किराया शीघ्र दिलाने के निर्देश दिए हैं।
ज्योलिकोट निवासी वाहन स्वामी मनीष कुमार ने आयुक्त कुमाऊं मंडल को लिखित शिकायत देकर बताया था कि वह वाहन संख्या यूके-04 टीबी-8828 के माध्यम से आरबीएसके के अंतर्गत भीमताल टीम-2 में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित ठेकेदार द्वारा पिछले तीन माह से वाहन का मासिक किराया नहीं दिया गया है। वाहन की किश्त और परिवार का भरण-पोषण वाहन किराये से ही होने के कारण भुगतान नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए आयुक्त दीपक रावत ने गुरुवार को शिकायतकर्ता मनीष कुमार, वाहन स्वामी हरीश चंद्र तिवारी, संबंधित ठेकेदार और अपर मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल को कार्यालय में बुलाकर मामले की सुनवाई की। सुनवाई के दौरान पाया गया कि वाहन स्वामियों द्वारा एमओआईसी से सत्यापित लॉकबुक संबंधित ठेकेदार को पूर्व में उपलब्ध कराई जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद वाहन स्वामियों को मासिक किराये का भुगतान नहीं किया गया।
आयुक्त ने मुख्य चिकित्साधिकारी नैनीताल को निर्देश दिए कि जनपद में आरबीएसके के तहत सेवाएं दे रहे सभी वाहन स्वामियों के मासिक किराये के भुगतान की तत्काल समीक्षा की जाए। संबंधित ठेकेदार से शीघ्र भुगतान कराया जाए। यदि ठेकेदार द्वारा भुगतान नहीं किया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।
इसके अतिरिक्त आयुक्त कुमाऊं ने मंडल के सभी जिलाधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जनपदों में आरबीएसके के तहत सेवाएं दे रहे वाहन स्वामियों के मासिक किराये के भुगतान की तत्काल समीक्षा करें और संबंधित ठेकेदारों से समय पर भुगतान सुनिश्चित कराएं।