गांव-गांव पहुंच रहे मंत्री राम सिंह कैड़ा, ग्रामीणों की समस्याएं सुन अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

भीमताल। कैबिनेट मंत्री एवं भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने रविवार को विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने बिजली, पेयजल, सड़क समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

मंत्री कैड़ा ने अनर्पा, अनोठी, पोखरी, सकदीना, देवनगर, पलड़ा और सरना सहित कई गांवों का भ्रमण किया। ग्रामीणों ने उनके समक्ष क्षतिग्रस्त सड़कों, पेयजल आपूर्ति और विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं रखीं। मंत्री ने मौके से ही संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही जिन सड़कों के सुधार कार्य प्रस्तावित हैं, उनकी डीपीआर शीघ्र तैयार कर शासन को भेजने के लिए कहा, ताकि स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके।

मानसून को देखते हुए मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क बंद होने की स्थिति में मार्गों को तत्काल खोलने के लिए टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए और आवश्यक मशीनरी पहले से उपलब्ध रखी जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए सरकार लगातार गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रही है और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *