विधायक कैड़ा ने भाजपा प्रत्याशी कमला आर्य के पक्ष में किया चुनाव प्रचार

भीमताल : विधायक राम सिंह कैड़ा ने शनिवार को नगर पालिका परिषद भीमताल के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अध्यक्ष प्रत्याशी कमला आर्या और पार्टी से अधिकृत सभासद प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार किया। उन्होंने भीमताल नगर के विभिन्न वार्डों में सभाओं और बैठकों का आयोजन कर भाजपा के पक्ष में वोट करने की अपील की।
विधायक कैड़ा ने कहा कि भीमताल को नगर पालिका का दर्जा दिलाना भाजपा सरकार की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि यह मांग लंबे समय से की जा रही थी, जिसे भाजपा सरकार ने पूरा किया। उन्होंने कहा, “नगर पालिका बनने के बाद यह पहला चुनाव है, और हमें गर्व है कि भाजपा की प्रत्याशी कमला आर्या और अधिकृत सभासद मैदान में हैं। उनकी जीत से भीमताल का विकास और तेजी से होगा।”
विधायक ने भरोसा जताया कि नगर पालिका अध्यक्ष बनने के बाद कमला आर्या भीमताल के विकास कार्यों को नई दिशा देंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के तहत भीमताल में कई विकास कार्य किए जा रहे हैं और आगे भी इसे प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रचार के दौरान विधायक कैड़ा ने जनता से अपील की कि वे भाजपा प्रत्याशियों को वोट देकर विकास और सुशासन को समर्थन दें। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *