विधायक कैड़ा ने किया अमृतपुर-जमरानी मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य का निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

भीमताल: विधानसभा क्षेत्र भीमताल के अमृतपुर , डहरा, अमिया, जमरानी मोटर मार्ग की जर्जर हालत को देखते हुए क्षेत्रवासियों की लंबे समय से डामरीकरण की मांग थी। इस मार्ग पर बने गड्ढों के कारण स्थानीय लोगों और किसानों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दौरान सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती थी, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था।
क्षेत्रवासियों की मांग को ध्यान में रखते हुए विधायक राम सिंह कैड़ा ने शासन से 17 करोड़ रुपये की स्वीकृति दिलाई, जिससे इस मार्ग पर डामरीकरण, सुधारीकरण और पुल निर्माण का कार्य किया जा रहा है।

विधायक कैड़ा ने आज मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया, जिसमें उन्होंने कई खामियां पाईं। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता के पैसे का दुरुपयोग किसी भी सूरत में नहीं होने दिया जाएगा।

विधायक ने आगे बताया कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में दो दर्जन से अधिक सड़कों पर डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र की सड़क अवसंरचना को मजबूत करना है ताकि लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *