विधायक कैड़ा ने मुख्यमंत्री से की क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान की मांग

देहरादून : भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की। उन्होंने भीमताल, ओखलकांडा, धारी और रामगढ़ जैसे क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी पर चिंता जताई। विधायक ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव के कारण स्थानीय लोगों को इलाज के लिए हल्द्वानी या नैनीताल जाना पड़ता है।विधायक कैड़ा ने काठगोदाम से हैड़ाखान-खनश्यू मोटर मार्ग के शेष तीन किमी पर क्षतिग्रस्त हिस्से के पुनर्निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने ओखलकांडा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उच्चीकृत करने और भीमताल में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग रखी।
इसके अलावा, उन्होंने क्षेत्र की सड़कों के डामरीकरण, भीमताल बाईपास नहर को कवर करने, और बीएसएनएल के नए टावरों पर संचार व्यवस्था को सुचारू करने का भी अनुरोध किया।
विधायक ने मुख्यमंत्री से भीमताल और धारी के लेटीबुगा में मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने इन मिनी स्टेडियमों के निर्माण को अपनी घोषणाओं में शामिल कर लिया है, जिससे क्षेत्र के खेल और युवा विकास को बढ़ावा मिलेगा।
विधायक कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं के तहत जल्द ही भीमताल और धारी में मिनी स्टेडियम का निर्माण शुरू होगा। उन्होंने क्षेत्र के लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी अन्य मांगों पर भी तेजी से कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *