मछली पालन को बढ़ावा देने पर जोर
भीमताल: विश्व मत्स्य दिवस के अवसर पर गुरुवार को भीमताल के विकास भवन स्थित मत्स्य विभाग कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अशोक कुमार पांडे ने मत्स्य विभाग के अधिकारियों और मछली पालकों के साथ बैठक कर मछली पालन को बढ़ावा देने के लिए दिशा-निर्देश दिए।
सीडीओ अशोक कुमार पांडे ने मछली पालन को आय का प्रमुख साधन बताते हुए इसे तकनीकी और वैज्ञानिक विधियों से बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से मछली पालकों को सब्सिडी दी जा रही है, जिसका लाभ उठाकर मछली पालक अपनी आय को दोगुना कर सकते हैं। उन्होंने मछली पालन को ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आर्थिक उन्नति का महत्वपूर्ण साधन बताया।
कार्यक्रम के दौरान भीमताल झील में महाशीर मछली की फिंगरलिंग छोड़ी गई, जिससे झील की जैव विविधता को बनाए रखने और मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर जिला मत्स्य प्रभारी डॉ. विशाल दत्ता, मत्स्य निरीक्षक डॉ. बिपिन विश्वकर्मा, वरिष्ठ मत्स्य निरीक्षक शिखा आर्या, रामसिंह रौतेला, और कई अन्य अधिकारी एवं मछली पालक मौजूद रहे।
मत्स्य विभाग ने मछली पालकों को मत्स्य पालन की नवीनतम तकनीकों की जानकारी दी और इस क्षेत्र में उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने मछली पालन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए मछली पालकों को प्रशिक्षण देने की भी योजना बनाई।