विधायक कैड़ा ने मुख्यमंत्री से भीमताल विधानसभा की समस्याओं के समाधान की मांग की

भीमताल : विधायक राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर भीमताल विधानसभा क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण समस्याओं के समाधान की मांग की। उन्होंने विशेष रूप से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को गंभीर मुद्दा बताया और इसके लिए ठोस कदम उठाने का आग्रह किया।
विधायक कैड़ा ने कहा कि भीमताल, ओखलकांडा, धारी और रामगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है, जिससे लोगों को इलाज के लिए हल्द्वानी या नैनीताल का रुख करना पड़ता है। उन्होंने ओखलकांडा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उच्चीकृत करने और भीमताल में एक नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की मांग की।
विधायक कैडा ने काठगोदाम से हैडाखान – खनश्यू मोटर मार्ग के किमी-3 पर क्षतिग्रस्त मार्ग के पुनर्निर्माण की मांग,भीमताल क्षेत्र की सड़कों पर डामरीकरण का कार्य, भीमताल बाईपास पर नहर कवरिंग और नगर क्षेत्र में पार्किंग का निर्माण,क्षेत्र के दूरस्थ इलाकों में आईटीआई कॉलेज खोलने का प्रस्ताव, सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों को इंटर कॉलेज में उच्चीकृत करने की मांग, बीएसएनएल के नए टावरों पर संचार व्यवस्था को सुचारू करने का आग्रह किया ।इसके अलावा विधायक ने देवगुरु महाराज मंदिर, छोटा कैलाश मंदिर और गोलू देवता मंदिर विनायक को मंदिर माला मिशन के तहत मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल करने का अनुरोध किया और साथ ही भीमताल क्षेत्र में उपमंडी खोलने, भीमताल नगर के विकास के लिए नई योजनाओं का क्रियान्वयन की भी माँग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *