बालिकाओं की सुरक्षा के लिए हल्द्वानी में “संवेदीकरण कार्यशाला” आयोजित

भीमताल : जिलाधिकारी महोदया के निर्देशानुसार, “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के अंतर्गत जिले में बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए चल रही संवेदीकरण कार्यशालाओं की श्रृंखला में आज दिल्ली पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी में एक कार्यशाला आयोजित की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग, नैनीताल द्वारा आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य विषय “बालिकाओं द्वारा असुरक्षित स्थानों का चिन्हीकरण” था।
कार्यशाला में विभिन्न विभागों जैसे स्वास्थ्य, शिक्षा और परिवीक्षा विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। डिप्टी कलेक्टर ऋचा सिंह ने बालिकाओं से संवाद करते हुए उन स्थानों की जानकारी ली, जहां वे असुरक्षित महसूस करती हैं। उन्होंने बालिकाओं को आश्वस्त करते हुए अपना मोबाइल नंबर साझा किया, ताकि वे अपनी समस्याएं बेझिझक साझा कर सकें। ऋचा सिंह ने यह भी बताया कि पिछली कार्यशालाओं में चिन्हित स्थानों पर संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
बाल विकास अधिकारी शिल्पा जोशी ने बालिकाओं को बाल विवाह, घरेलू हिंसा और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। कार्यशाला के दौरान बालिकाओं ने विभिन्न असुरक्षित स्थानों को चिन्हित किया और बताया कि इन जगहों पर शराब और ड्रग्स की बिक्री, छेड़खानी, सुनसान इलाकों में स्ट्रीट लाइट की कमी, और तेज रफ्तार गाड़ियों की समस्या आम है।
कार्यशाला में बालिकाओं ने सुरक्षा के लिए कई सुझाव प्रस्तुत किए, जिनमें
गाड़ियों की तेज रफ्तार पर सख्त कार्रवाई,बालिकाओं के लिए सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग,चिन्हित स्थानों पर सीसीटीवी और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था ,पुलिस की नियमित पेट्रोलिंग और गश्त आदि रहे।
कार्यशाला के बाद टीम ने बालिकाओं द्वारा बताए गए स्थानों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। इन स्थानों और समस्याओं पर आधारित रिपोर्ट जिलाधिकारी महोदया को प्रेषित की जाएगी, ताकि संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए जा सकें।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के लिए भयमुक्त वातावरण तैयार करना है, ताकि वे अपने घरों से बाहर बिना किसी डर के जा सकें। जिलाधिकारी महोदया के निर्देशानुसार, छेड़छाड़ और असुरक्षा के चिन्हित स्थानों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *