भीमताल : ओखलकांडा ब्लॉक के क्वेदल गांव विधायक राम सिंह कैडा ने जनता दरबार लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी परेशानियों को विधायक के समक्ष रखा। इस पर विधायक कैड़ा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
इसके साथ ही, विधायक कैड़ा ने पीडब्लूडी और पीएमजीएसवाई विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र में मोटर मार्ग निर्माण की प्रकिया शुरू करने के निर्देश दिये।
विधायक कैड़ा ने गजार, कसियालेख, सुन्दरखाल और धानाचुली सहित कई गांवों का दौरा कर बीते दिन हुई भारी ओलावृष्टि से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि ओलावृष्टि के कारण किसानों की आड़ू, पुलम, खुमानी, नाशपाती, मटर और गेहूं जैसी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। फलदार पेड़ों पर निकले बौर भी पूरी तरह खत्म हो गए हैं, जिससे किसानों को आर्थिक हानि उठानी पड़ेगी।
विधायक कैड़ा ने जिला प्रशासन के अधिकारियों से वार्ता कर किसानों को हुए नुकसान का आकलन करने और शीघ्र मुआवजा देने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रभावित किसानों को हरसंभव सहायता दिलाने के लिए वे सरकार से बात करेंगे।