विधायक कैड़ा ने किया छिड़ाखान-मीडार मोटर मार्ग का निरीक्षण, मार्च के बाद होगा डामरीकरण शुरू

भीमताल : ओखलकांडा ब्लॉक के छिड़ाखान से अधोड़ा-मीडार मोटर मार्ग की स्थिति में सुधार के लिए चल रहे कार्यों का विधायक राम सिंह कैड़ा ने निरीक्षण किया। यह मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में था, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है और स्थानीय लोगों को आवागमन व सामान ले जाने में कठिनाई होती है।
ग्रामीणों द्वारा मोटर मार्ग पर डामरीकरण की मांग उठाए जाने के बाद, विधायक कैड़ा ने मुख्यमंत्री से इस मार्ग पर सुधार कार्यों के लिए अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री ने इसे प्राथमिकता देते हुए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGYSY) फेज-3 के तहत 25 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के लिए 19 करोड़ रुपये स्वीकृत किए।
वर्तमान में मार्ग पर दीवारों का निर्माण, सोलिंग, और चौड़ीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि ठंड के मौसम में दीवारों के निर्माण, सोलिंग और चौड़ीकरण का कार्य जारी रहेगा, जबकि डामरीकरण का कार्य मार्च के बाद शुरू होगा।
विधायक ने कहा कि इस मोटर मार्ग के पूर्ण होने के बाद छिड़ाखान, डालकन्या, अधोड़ा, सुवाकोट, पोखरी, अमजड़, मीडार, पदमपुर और रीठा साहिब, चंपावत सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। इससे न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *